नमस्कार साथियों,
वैसे तो पिछले एक साल से ज्यादा समय से THE VISIONARIES पर मैं कार्य कर रहा हूँ और पिछले 6 महीने से मैं इस पर बहुत चिंतन, मनन किया, कई बेहतरीन गुणवत्ता के भारतीय और वैश्विक विश्वविद्यालयों, संस्थाओं के इस क्षेत्र में उनके कार्यों, रिसर्च पेपर्स और कई प्रोग्राम्स का अवलोकन किया, अपनी क्षमता और संसाधन पर विचार किया और मुझे लगा कि शुरुआत करते हैं जितना अभी सामर्थ्य है फिर धीरे-धीरे इस मिशन को आगे बढ़ाएंगे। इसलिए अब जब मैं इस मिशन को व्यवस्थित तरीके से शुरुआत कर रहा हूँ, तो मन अनायास ही लगभग 10 वर्ष पीछे चला जाता है। वह समय जब मैंने बच्चों को पढ़ाना शुरू किया था। उस समय मेरे पास जितना ज्ञान, अनुभव और समझ थी, मैं उसी स्तर पर विद्यार्थियों को पढ़ाता था। लेकिन जैसे-जैसे समय आगे बढ़ा, मेरी उम्र के साथ-साथ मेरी समझ, अनुभव और कौशल भी परिपक्व होते गए। पढ़ने- पढ़ाने, सीखने- सिखाने का जज्बा और दृढ़ विश्वास और बढ़ता गया। इस माध्यम से मेरा और मेरे विद्यार्थियों दोनों को लाभ होता था, दोनों का विकास होता था।
धीरे-धीरे मैंने छोटे बच्चों से लेकर 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों, सैनिक स्कूल और नवोदय जैसे प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, और फिर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं को पढ़ाया, मार्गदर्शन दिया और मेंटरशिप प्रदान की। इस दौरान केवल विद्यार्थियों से ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और परिवारों से भी लगातार संवाद होता रहा। लगभग हर जगह एक ही प्रश्न दिखाई देता था—
“बच्चों को, युवाओं को बेहतर समझ, स्पष्ट सोच, बेहतर वातावरण, बेहतर नेतृत्व क्षमता, बेहतर अवसर और जीवन के लिए बेहतर तैयारी कैसे दी जाए जो उनके निर्माण के साथ देश निर्माण में भी अपना योगदान दे सकें?”
मैंने महसूस किया कि ऐसी आवश्यकता तो बहुत बड़ी है, लेकिन ऐसा कोई मंच आसानी से उपलब्ध नहीं था जो युवाओं को समग्र रूप से विकसित कर सके। और यदि कहीं कुछ उपलब्ध भी था, तो वह अधिकांश लोगों की पहुँच से बहुत दूर या अत्यधिक महंगा था। लेकिन इस कहानी का दूसरा पक्ष भी है। जब मैं स्वयं 15-20 वर्ष का था, तब मुझे भी ऐसा कोई मंच, ऐसा कोई नेटवर्क, ऐसी कोई संगति या ऐसा कोई मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं था, जो मुझे जीवन की अनेक गलतियों से बचा सकता।
आज पीछे मुड़कर देखता हूँ तो लगता है कि यदि उस समय मुझे सही मार्गदर्शन, सही लोग और सही अवसर मिले होते, तो शायद मैं अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग और भी बेहतर ढंग से कर पाता।
लेकिन शायद जीवन का तरीका ही यही है। सीखना, गलतियाँ करना, गिरना, उठना, फिर सीखना, आगे बढ़ते रहना, लगातार प्रयास करते रहना और ऊंची से ऊंची मंजिले तलाश करते रहना।
पिछले 10 वर्षों में मैंने अनेक प्रयास किए। कुछ सफल हुए, कुछ असफल हुए, और कुछ आज भी आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 2020 में मैंने शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य करने के उद्देश्य से अपना NGO शुरू किया। उस समय मेरे मन में एक स्पष्ट भावना थी कि मुझे राष्ट्र निर्माण और लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के लिए काम करना है। लेकिन सच कहूँ तो उस समय मुझे यह पूरी तरह नहीं पता था कि यह परिवर्तन कैसे लाया जाएगा। धीरे-धीरे मैं कई राष्ट्रीय स्तर के संगठनों से जुड़ा। मुझे विभिन्न क्षेत्रों के असाधारण लोगों के साथ काम करने का अवसर मिला। जिनमें IITians, सिविल सेवकों, CEOs, Directors, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, उद्यमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विषय विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के लीडर्स के साथ कार्य करते हुए मैंने बहुत कुछ सीखा।
मैंने तकनीक और डिजिटल क्षेत्र में अपना स्टार्टअप Tech Vimarsh शुरू किया। विभिन्न सामाजिक अभियानों का नेतृत्व किया। कई संगठनों में नेतृत्वकारी भूमिकाएँ निभाईं। हजारों विद्यार्थियों से बातचीत की। उनकी चुनौतियों को समझा। उन्हें शिक्षा, करियर, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास और जीवन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। शिक्षकों, संस्थानों, संगठनों और पेशेवरों को तकनीकी एवं डिजिटल परामर्श सेवाएँ प्रदान कीं। कुछ अवॉर्ड और सामाजिक सम्मान भी मिला। लेकिन इससे जिम्मेदारी और बढ़ गई।
इन सभी अनुभवों में मुझे एक महत्वपूर्ण बात समझ आया कि हमारे देश के युवाओं में
प्रतिभा की कमी नहीं है।
क्षमता की कमी नहीं है।
सपनों की कमी नहीं है।
कमी है तो समय रहते सही दिशा, सही संगति, सही मार्गदर्शन और सही मंच की।
आज का समय पहले से कहीं अधिक तेजी से बदल रहा है। Artificial Intelligence, Technology, Entrepreneurship, Education, Climate Change, Leadership, Innovation, Spirituality आदि हर क्षेत्र में परिवर्तन की गति अभूतपूर्व है। लेकिन हममें से अधिकांश लोग इस परिवर्तन की गति के अनुसार स्वयं को विकसित नहीं कर पा रहे हैं, और यही सबसे बड़ी चुनौती है।
आज दुनिया को केवल डिग्री धारकों की आवश्यकता नहीं है। आज दुनिया को आवश्यकता है—
Visionaries की।
Problem Solvers की।
Changemakers की।
Innovaters की।
Builders की।
Leaders की।
ऐसे लोगों की जो केवल समस्याओं की चर्चा न करें, बल्कि समाधान भी प्रस्तुत करें।
ऐसे लोगों की जो केवल अवसर खोजें नहीं, बल्कि अवसरों का निर्माण करें।
ऐसे लोगों की जो केवल अपने लिए न सोचें, बल्कि समाज, राष्ट्र और मानवता के लिए भी सोचें।
इसी सोच से THE VISIONARIES का जन्म हुआ है। THE VISIONARIES केवल एक वेबसाइट नहीं है, यह केवल एक कम्युनिटी नहीं है, यह केवल एक प्लेटफ़ॉर्म नहीं है।
यह एक प्रयास है।
एक विचार है।
एक आंदोलन है।
ऐसे लोगों को जोड़ने का प्रयास जो सीखना चाहते हैं, बढ़ना चाहते हैं, नेतृत्व करना चाहते हैं और भविष्य का निर्माण करना चाहते हैं।
यह मंच युवाओं को बेहतर सोच, बेहतर नेतृत्व, बेहतर निर्णय क्षमता, बेहतर नेटवर्क, बेहतर अवसर और बेहतर दृष्टिकोण प्रदान करने का प्रयास करेगा।
यहाँ हम शिक्षा, नेतृत्व, आत्म-विकास, उद्यमिता, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, दर्शन, आध्यात्मिकता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा करेंगे।
मेरे अन्य सभी सामाजिक, शैक्षिक और व्यावसायिक प्रयास पहले की तरह चलते रहेंगे और आगे भी बढ़ते रहेंगे।
लेकिन THE VISIONARIES उन सभी अनुभवों, सीखों और वर्षों की यात्रा का एक ऐसा सार है, जिस पर मैं दिल से कार्य करना चाहता हूँ और युवाओं तक इसे पहुँचाना चाहता हूँ। इस यात्रा में अनेक शिक्षाविद्, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता, विशेषज्ञ, CEOs, Directors, नीति विशेषज्ञ और अनुभवी मार्गदर्शक समय-समय पर अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
हमारा उद्देश्य केवल सफल लोग तैयार करना नहीं है। हमारा उद्देश्य है—सार्थक लोग तैयार करना।
ऐसे लोग जो बेहतर सोच सकें।
सीख सकें।
नेतृत्व कर सकें।
निर्णय ले सकें।
समस्याओं का समाधान कर सकें।
और दुनिया को पहले से बेहतर छोड़कर जाएँ।
यदि आप 15 से 35 वर्ष की आयु के बीच हैं, तो यह मंच विशेष रूप से आपके लिए है। लेकिन यदि आप किसी भी उम्र में सीखना चाहते हैं, बढ़ना चाहते हैं और सकारात्मक परिवर्तन का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आपका स्वागत है।
आइए, मिलकर ऐसे भविष्य का निर्माण करें जिस पर आने वाली पीढ़ियाँ गर्व कर सकें। क्योंकि भविष्य किसी और के द्वारा नहीं बनाया जाएगा। भविष्य हम सब मिलकर बनाएँगे।
स्वागत है THE VISIONARIES में।

Think Beyond.
Build The Future.
— Pankaj Shukla
Founder, THE VISIONARIES
Explore: https://thevisionaries.in/








